नई दिल्ली। SIR के बाद छूटे वोटरों और पहली बार मतदान करने वालों के लिए चलेगा विशेष अभियान, ECI ने राज्यों को दिए निर्देश
नई दिल्ली: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने उन 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में छूटे हुए पात्र मतदाताओं और पहली बार वोट देने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, जहां स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। आयोग ने सभी संबंधित राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (CEO) को पत्र भेजकर अभियान को प्रभावी तरीके से लागू करने को कहा है।
पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि मतदाता सूची के निरंतर अपडेट की प्रक्रिया के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) और निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) छूटे हुए पात्र मतदाताओं और पहली बार मतदान करने वालों को सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाएंगे।
छूटे हुए मतदाताओं को फिर आवेदन का मौका
निर्वाचन आयोग के निर्देश के मुताबिक, SIR पूरा होने वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य ऐसे पात्र लोगों को मतदाता सूची में शामिल करना है, जिनका नाम किसी कारण से अंतिम सूची में नहीं आ पाया है।
SIR के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ने अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान के लिए ASDD सूची तैयार की थी। इन सूचियों को संबंधित क्षेत्रों में पंचायत भवन, नगर पालिका या BDO कार्यालय में प्रदर्शित करने के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया गया था। इसके बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई और दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई। आयोग के मुताबिक, मतदाता सूची को अपडेट करना एक निरंतर प्रक्रिया है। इसलिए अंतिम सूची में नाम छूट जाने वाले पात्र लोगों को दोबारा आवेदन करने का अवसर दिया जाएगा।
BLO घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन
विशेष अभियान के तहत BLO को SIR से पहले की मतदाता सूची और वर्तमान अंतिम मतदाता सूची का मिलान करना होगा। इस दौरान उन मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनका नाम पहले की सूची में था लेकिन वर्तमान सूची में नहीं है। इसके बाद BLO ऐसे मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। यदि संबंधित व्यक्ति उसी पते पर रह रहा है और मतदान के लिए पात्र है, तो BLO मौके पर ही उसका Form 6 भरवाने और आवेदन प्रक्रिया में मदद करेंगे। निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक BLO को हर सप्ताह कम से कम 20 से 25 ऐसे मतदाताओं को कवर करने का लक्ष्य दिया गया है, ताकि विशेष अभियान को करीब एक महीने में पूरा किया जा सके।
पहली बार वोट देने वाले युवाओं पर भी फोकस
घर-घर सत्यापन के दौरान यदि BLO को कोई ऐसा युवा या व्यक्ति मिलता है, जो पहली बार मतदान के लिए पात्र है लेकिन अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, तो उसका भी Form 6 भरवाया जाएगा। इस अभियान का फोकस खास तौर पर छूटे हुए पात्र मतदाताओं और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को सूची में शामिल करने पर रहेगा।
राजनीतिक दलों के बूथ एजेंटों को भी दी जाएगी सूची
BLO द्वारा तैयार की गई चिन्हित मतदाताओं की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) के साथ भी साझा की जाएगी। BLO द्वारा भरे गए Form 6 और घर-घर सत्यापन की रिपोर्ट संबंधित ERO को सौंपी जाएगी। आवेदन पर अंतिम निर्णय Electoral Registration Officer (ERO) द्वारा Representation of the People Act, 1950 और Registration of Electors Rules, 1960 के तहत लिया जाएगा।
बूथ स्तर पर लगाए जाएंगे विशेष कैंप
आयोग ने लोगों की सुविधा के लिए बूथ स्तर पर विशेष कैंप आयोजित करने के भी निर्देश दिए हैं। इसके अलावा नाइट शेल्टर, मजदूर कॉलोनियों, बेघर लोगों और अन्य वंचित वर्गों के लिए अलग से विशेष कैंप लगाने को कहा गया है, ताकि कोई पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे।
स्कूल-कॉलेज और SVEEP के जरिए जागरूकता
विशेष अभियान को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) और ERO को जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल-कॉलेज, SVEEP गतिविधियों और प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से लोगों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
रोजाना होगी अभियान की निगरानी
निर्वाचन आयोग ने CEO, DEO और ERO स्तर पर अभियान की नियमित निगरानी करने को कहा है। अधिकारियों को इसकी रोजाना समीक्षा करने और अभियान की प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष अभियान पूरा होने के बाद ERO द्वारा बूथवार तैयार सूची सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि यदि कोई पात्र मतदाता अभी भी सूची से छूट गया हो तो उसकी पहचान कर उसे मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।




