हमीरपुर : गौतम कॉलेज ऑफ फार्मेसी, हमीरपुर में गांधी जयंती के अवसर पर सेवा पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत “सेवा से सशक्त युवा” विषय पर एनएसएस एवं उन्नत भारत अभियान के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में सेवा, स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्रहित तथा महात्मा गांधी के आदर्शों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा। रैली में कॉलेज के विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न जागरूकता संदेशों एवं नारों के माध्यम से स्वच्छता, सेवा भावना, सामाजिक सहभागिता एवं जिम्मेदार नागरिकता का संदेश दिया।
रैली के माध्यम से युवाओं को समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने तथा सेवा कार्यों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर एम.डी. जगदीश गौतम ने कहा कि “महात्मा गांधी के विचार आज भी युवाओं को सेवा, सत्य, अहिंसा और सामाजिक जिम्मेदारी के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। युवाओं को सेवा भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए। प्रो. (डॉ.) संजय कुमार, डायरेक्टर-कम-प्रिंसिपल, गौतम कॉलेज ऑफ फार्मेसी ने कहा कि “सेवा पखवाड़ा–2026 के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत किया जा रहा है। इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा सकारात्मक परिवर्तन में भागीदार बनने के लिए प्रेरित करती हैं।”
डॉ. रजनीश गौतम, सेक्रेटरी, जीजीसी हमीरपुर ने कहा कि “युवा शक्ति देश की महत्वपूर्ण शक्ति है। सेवा के माध्यम से युवा न केवल समाज की आवश्यकताओं को समझते हैं, बल्कि सामाजिक विकास में अपनी प्रभावी भूमिका भी निभाते हैं। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित यह रैली सेवा और सामाजिक जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास है।” कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने “सेवा से सशक्त युवा” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस एवं उन्नत भारत अभियान के समन्वय से किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ रैली में सहभागिता की।




