आनी : राजकीय महाविद्यालय आनी में 28.10.2026 को महिला प्रकोष्ठ द्वारा मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा भारतीय कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति उनमें रुचि जागृत करना था। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतिभागियों ने अपने हाथों पर आकर्षक एवं सुंदर मेहंदी की विभिन्न डिज़ाइनें बनाईं। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों की सृजनात्मकता, कलात्मक कौशल और सौंदर्यबोध देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों की कलाकृतियों का मूल्यांकन किया गया जिसमें सिमरन ने पहला, भावना शर्मा ने दूसरा, वर्षा शर्मा तथा नेहा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अन्य प्रतिभागियों में सान्या, रितिका, अनामिका और कृतिका वर्मा शामिल रहीं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर ने इस प्रकार की गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, कलात्मक अभिरुचि और भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करती हैं।इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। इस अवसर पर डॉ. संगीता नेगी, प्रो. वर्षा वर्मा, प्रो. पम्पी घामटा और डॉ. पुष्पा गुलेरिया उपस्थित रहीं।




