देहरा: मायके में घर जमाई बनकर रहने से पति के इनकार के बाद शुरू हुआ वैवाहिक विवाद आखिरकार तलाक तक पहुंच गया। करीब छह साल से अलग रह रहे ज्वालामुखी क्षेत्र के दंपती के मामले में देहरा परिवार न्यायालय ने पति की तलाक याचिका मंजूर करते हुए विवाह विच्छेद की डिक्री जारी कर दी। मामले की सुनवाई अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय देहरा सपना पांडेय ने की।
2019 में पत्नी ने छोड़ा था ससुराल
पति ने अदालत में दायर याचिका में बताया कि उसका विवाह जनवरी 2015 में ज्वालामुखी स्थित एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। दंपती का एक बेटा भी है। पति के अनुसार, पत्नी उस पर मायके में घर जमाई बनकर रहने का दबाव डालती थी। उसने ऐसा करने से इनकार किया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। याचिका में पति ने आरोप लगाया कि पत्नी का उसके और उसके माता-पिता के प्रति व्यवहार ठीक नहीं था। शिमला में नौकरी के दौरान भी पत्नी ने उसके माता-पिता के साथ दुर्व्यवहार किया और घरेलू जिम्मेदारियां निभाने से इनकार किया। इसके बाद जुलाई 2019 में पत्नी पति का घर छोड़कर अपने मायके चली गई। पति ने अदालत को बताया कि उसने पत्नी को वापस लाने के लिए व्यक्तिगत रूप से और फोन के माध्यम से कई बार प्रयास किए, लेकिन वह उसके साथ रहने के लिए तैयार नहीं हुई।
एसडीएम के सामने भी साथ रहने से किया इनकार
मामला आगे बढ़ने पर पति ने ज्वालामुखी के एसडीएम के समक्ष तलाशी वारंट की प्रक्रिया शुरू की। अगस्त 2022 में पत्नी एसडीएम के समक्ष पेश हुई। पति के अनुसार, इस दौरान उसने उसके साथ रहने में रुचि नहीं होने की बात कही। पति ने अदालत के समक्ष पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहने की जानकारी होने का दावा भी किया। हालांकि, अदालत ने मामले में मुख्य रूप से वैवाहिक विवाद, लंबे समय से अलग रहने और साथ रहने से इनकार से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों पर विचार किया।
पत्नी अदालत में नहीं हुई पेश
तलाक याचिका की सुनवाई के दौरान पत्नी अदालत में पेश नहीं हुई। इसके बाद 24 सितंबर 2024 को अदालत ने उसे एकतरफा कर दिया। पति की ओर से पेश किए गए बयान और दस्तावेजों का पत्नी की ओर से कोई प्रतिवाद नहीं किया गया। अदालत ने उपलब्ध गवाही, दस्तावेजों और रिकॉर्ड के आधार पर मामले की सुनवाई आगे बढ़ाई।
कोर्ट ने माना- क्रूरता और परित्याग के आधार साबित
अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों का मूल्यांकन करने के बाद माना कि मामले में क्रूरता और परित्याग के आधार साबित होते हैं। अदालत ने यह भी पाया कि पति-पत्नी के बीच वैवाहिक संबंध बहाल होने की वास्तविक संभावना नहीं दिखाई देती। इन परिस्थितियों को देखते हुए देहरा परिवार न्यायालय ने पति की तलाक याचिका स्वीकार कर ली और दोनों के विवाह को समाप्त करते हुए विवाह विच्छेद की डिक्री जारी कर दी। अदालत के इस फैसले के साथ वर्ष 2019 से चले आ रहे वैवाहिक अलगाव का कानूनी रूप से अंत हो गया।




