फतेहपुर : अनाज मंडी फतेहपुर में अपनी मेहनत की फसल बेचने पहुंच रहे किसानों को इन दिनों एक अलग ही परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान सुबह से मंडी में अपनी धान की फसल लेकर पहुँच रहे हैं और खरीद प्रक्रिया पूरी होने तक उन्हें कई-कई घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में मंडी परिसर में भोजन अथवा कैंटीन की पर्याप्त सुविधा न होने के कारण किसानों को भूखे रहने की नौबत आ रही है।
किसानों का कहना है कि वे दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से अपनी फसल लेकर मंडी पहुँचते हैं। मौसम खराब होने की स्थिति में पहले ही उन्हें अपनी फसल की सुरक्षा की चिंता रहती है, वहीं घंटों मंडी में रूकने के दौरान खाने-पीने की उचित व्यवस्था न होना उनकी परेशानी को और बढ़ा रहा है।
किसानों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग उठाई है कि अनाज मंडी फतेहपुर में किसानों के लिए कैंटीन अथवा भोजन की उचित व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही मंडी में बैठने, पीने के पानी और बारिश से फसल बचाने के लिए पर्याप्त शेड व तिरपाल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। किसानों का कहना है कि अन्नदाता अपनी फसल लेकर मंडी पहुँचता है तो उसे मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
किसानों की प्रमुख मांगें
- कैंटीन अथवा भोजन की व्यवस्था की जाए।
- मंडी में बैठने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो।
- पीने के पानी की उचित सुविधा हो।
- बारिश से फसल बचाने के लिए पर्याप्त शेड व तिरपाल की व्यवस्था की जाए।
- किसानों को लंम्बे समय तक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए खरीद प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।




