नूरपुर । विद्युत पेंशनर फोरम नूरपुर इकाई की मासिक बैठक विद्युत विश्राम गृह बौढ़ में इकाई प्रधान मान सिंह धीमान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनरों से जुड़े विभिन्न लंबित वित्तीय मामलों और विद्युत बोर्ड की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा की गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि 1 जनवरी 2016 से 31 मार्च 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों को संशोधित वेतनमान के आधार पर रिवाइज्ड ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट और कम्यूटेशन का भुगतान अभी तक नहीं हो पाया है। इससे संबंधित पेंशनरों में भारी रोष है। फोरम ने प्रदेश सरकार और विद्युत बोर्ड प्रबंधन से इन सभी लंबित वित्तीय देनदारियों का शीघ्र भुगतान करने की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों और पेंशनरों का 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता भी लंबित है। फोरम ने मुख्यमंत्री के कथन के अनुरूप मांग उठाई कि दिवाली से पहले कर्मचारियों और पेंशनरों को कम से कम 12 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी किया जाए।
बैठक में विद्युत बोर्ड में ठेकेदारों के माध्यम से की जा रही भर्तियों का भी पुरजोर विरोध किया गया। फोरम पदाधिकारियों ने कहा कि विद्युत बोर्ड में करीब 12 हजार स्वीकृत पद रिक्त पड़े हैं। सरकार इन पदों पर ठेकेदारों के माध्यम से नियुक्तियां करने के बजाय शीघ्र स्थायी भर्ती प्रक्रिया शुरू करे, ताकि बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और बोर्ड की कार्यप्रणाली भी मजबूत हो।
फोरम ने विद्युत बोर्ड में पुरानी पेंशन योजना लागू करने की भी मांग उठाई। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पेंशनरों की लंबित वित्तीय देनदारियों, महंगाई भत्ते और अन्य मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो विद्युत पेंशनर फोरम आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होगा। बैठक में सचिव अरुण सहोत्रा सहित विद्युत पेंशनर फोरम नूरपुर इकाई के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।




