Thursday, 26 November 2026हिमाचल की हर खबर, आपके लिए
हिमाचलऑनलाइन न्यूज.हिमाचल की हर खबर, आपके लिए
विज्ञापनbanner1280

बिलासपुर में 75 साल के दूल्हे को मिली दुल्हन:वृद्धाश्रम में बजेगी शहनाई, बंगाल की सबीना से करेंगे शादी; हल्दी-मेहंदी की रस्में पूरी

बिलासपुर के एक वृद्धाश्रम में इन दिनों शादी की खुशियां छाई हैं। यहां रहने वाले 75 साल के कन्हैया लाल और 63 साल की सबीना एक-दूसरे का हमसफर बनने जा रहे हैं। हल्दी और मेहंदी की रस्में शुरू हो चुकी हैं। पत्नी की मौत के बाद कन्हैया लाल इस कदर टूट गए कि घर-परिवार छोड़कर जंगल में रहने लगे। पश्चिम बंगाल की रहने वाली सबीना भी भटकते हुए हिमाचल पहुंच गईं। किस्मत ने दोनों को बिलासपुर के एक ही वृद्धाश्रम में पहुंचा दिया। यहां दोनों की मुलाकात हुई, साथ वक्त बिताने लगे और धीरे-धीरे एक-दूसरे का सहारा बन गए। वृद्धाश्रम में रहने वाले दूसरे बुजुर्ग भी इस शादी को लेकर उत्साहित हैं। कोई गीत गा रहा है तो कोई नाचकर खुशियां मना रहा है। मानव सेवा ट्रस्ट के चेयरमैन प्रकाश चंद बंसल के अनुसार, शादी सभी पारंपरिक रस्मों के साथ अपना घर में ही करवाई जाएगी। पत्नी की मौत के बाद जंगल में रहने लगे थे कन्हैया लाल
कन्हैया लाल मूल रूप से मंडी जिले के रहने वाले हैं। कुछ साल पहले पत्नी की मौत ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया। वह घर छोड़कर जंगल में रहने लगे थे। इस दौरान उनकी देखभाल करने वाला भी कोई नहीं था। मुश्किल हालात में उन्हें बिलासपुर के अपना घर वृद्धाश्रम पहुंचाया गया। यहां उन्हें रहने और देखभाल की सुविधा मिली। पश्चिम बंगाल से भटकते हुए शिमला पहुंची थीं सबीना
सबीना मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। करीब 4 साल पहले वह किसी तरह शिमला पहुंच गई थीं। उस समय उनकी मानसिक स्थिति और व्यवहार को देखते हुए वह कुछ भटकी हुई लग रही थीं। पुलिस उन्हें मशोबरा स्थित नारी निकेतन ले गई। बिलासपुर के अपना घर वृद्धाश्रम में शिफ्ट कर दिया
बाद में उन्हें बिलासपुर के अपना घर वृद्धाश्रम में शिफ्ट कर दिया गया। यहां उन्हें भी रहने और देखभाल का सहारा मिला। हालांकि, अपने परिवार और पुराने जीवन से दूर सबीना के लिए भी यह सफर आसान नहीं था। साथ वक्त बिताते-बिताते एक-दूसरे के करीब आए
वृद्धाश्रम में रहने के दौरान कन्हैया लाल और सबीना की मुलाकात हुई। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के साथ ज्यादा वक्त बिताने लगे। वृद्धाश्रम के दूसरे लोगों ने भी महसूस किया कि दोनों ज्यादातर समय साथ रहते हैं। रोजमर्रा के कई काम भी वे साथ करने लगे थे। मानव सेवा ट्रस्ट के चेयरमैन प्रकाश चंद बंसल के मुताबिक, शुरुआत में दोनों अपने रिश्ते को लेकर कुछ झिझकते थे। उन्हें अपनी भावनाएं जाहिर करने में संकोच होता था। हालांकि, धीरे-धीरे उन्होंने खुलकर बात की और शादी करने की इच्छा जताई। इसके बाद वृद्धाश्रम प्रबंधन ने भी उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए शादी करवाने का फैसला लिया। जीवन को फिर से संवारने की जगी उम्मीद
प्रकाश चंद बंसल का कहना है कि जब कन्हैया लाल और सबीना वृद्धाश्रम पहुंचे थे, तब दोनों के जीवन में आगे देखने के लिए कुछ खास नहीं था। अपनों से दूर और अकेलेपन के बीच दोनों ने यहां एक-दूसरे में अपना साथी ढूंढ लिया। अब शादी के फैसले से दोनों के जीवन में नई उम्मीद जगी है। वृद्धाश्रम के लोग भी इस रिश्ते को लेकर बेहद खुश हैं।

विज्ञापनहिमाचल ऑनलाइन न्यूज़ के साथआपका ब्रांड, हर नज़र तक।विज्ञापन के लिए हमसे जुड़ेंसंपर्क करें ↗

यह भी पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *