Tuesday, 24 November 2026हिमाचल की हर खबर, आपके लिए
हिमाचलऑनलाइन न्यूज.हिमाचल की हर खबर, आपके लिए
विज्ञापनbanner1280

फिना सिंह परियोजना स्वर्गीय सत महाजन का ड्रीम प्रोजेक्ट, शीघ्र पूरा करने का प्रयास : मुकेश अग्निहोत्री

rakesh pathania

नूरपुर : प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश की बहुचर्चित फिना सिंह परियोजना स्वर्गीय सत महाजन का ड्रीम प्रोजेक्ट था। इस परियोजना को शीघ्र पूरा किया जाएगा, ताकि नूरपुर क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि परियोजना को पूरा करना स्वर्गीय सत महाजन को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने यह बात नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के जसूर कस्बे में एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद एक भेंटवार्ता के दौरान कही। उन्होंने बताया कि पांच इलेक्ट्रिक बसों को पठानकोट डिपो में शामिल किया गया है। ये बसें पठानकोट से बैजनाथ, डाडा सीबा, गगरेट, हरिपुर-धर्मशाला और कुंडीहार रूट पर चलेंगी। उन्होंने जसूर स्थित एचआरटीसी वर्कशॉप के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।

अग्निहोत्री ने कहा कि एचआरटीसी के बेड़े को आधुनिक बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। निगम में 1,000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जा रही हैं। इसके अतिरिक्त 200 हाइड्रोजन बसें और 250 डीजल बसें भी बेड़े में शामिल की जाएंगी। उन्होंने बताया कि निगम में 300 ड्राइवरों और 300 कंडक्टरों की भर्ती भी शीघ्र की जाएगी।

सत महाजन के साथ रहा भावनात्मक रिश्ता

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नूरपुर क्षेत्र के साथ उनका पुराना और भावनात्मक रिश्ता रहा है। क्षेत्र के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय सत महाजन ने इलाके की बहुत सेवा की। उन्हें सत महाजन के साथ काम करने का अवसर मिला और उनसे काफी कुछ सीखने को मिला। उन्होंने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह की सरकार के समय सत महाजन को फील्ड मार्शल का तमगा मिलना उनके राजनीतिक योगदान के लिए बड़े सम्मान की बात थी।

उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले ने प्रदेश को कई बड़े नेता दिए हैं और किसी भी नेता को बड़ा बनाने में जनता की अहम भूमिका रहती है।

650 करोड़ रुपये की परियोजना के लिए 350 करोड़ मंजूर

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि लगभग 650 करोड़ रुपये की फिना सिंह परियोजना लंबे समय से लंबित रही है। परियोजना पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद यह लगभग 12 वर्षों से पूरी नहीं हो पाई। कई सरकारें आईं और चली गईं, लेकिन धन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण काम अधूरा रहा। अब परियोजना के लिए 350 करोड़ रुपये मंजूर करवाए गए हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि डैम का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा किया जाएगा। इस परियोजना का सबसे अधिक लाभ नूरपुर क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि परियोजना में देरी जरूर हुई है, लेकिन अब इसे पूरा करने के लिए तेजी से काम किया जाएगा।

जल शक्ति विभाग के माध्यम से करोड़ों के कार्य जारी

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के माध्यम से सीवरेज से संबंधित 42.50 करोड़ रुपये और पेयजल से जुड़े 35 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।

इस अवसर पर अजय महाजन भी मौजूद रहे।

विज्ञापनहिमाचल ऑनलाइन न्यूज़ के साथआपका ब्रांड, हर नज़र तक।विज्ञापन के लिए हमसे जुड़ेंसंपर्क करें ↗

यह भी पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *