शिमला: हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बारिश के बीच भूस्खलन की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। शिमला जिले के चिड़गांव क्षेत्र में जांगलिख पुल के पास सोमवार सुबह अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा खिसककर सड़क पर आ गया। इसके चलते सड़क पर मलबा और बड़े-बड़े पत्थर जमा हो गए, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, जांगलिख पुल के पास रविवार से ही पहाड़ी से रुक-रुककर पत्थर गिर रहे थे। इसके चलते सड़क से गुजरने वाले लोगों को पहले से ही खतरे का अंदेशा था। सोमवार सुबह अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सुंदरू खड्ड में मलबा गिरने से पानी का बहाव प्रभावित
भूस्खलन का असर जांगलिख पुल के पास बहने वाली सुंदरू खड्ड पर भी पड़ा। पहाड़ी से गिरा मलबा खड्ड में पहुंचने के कारण कुछ समय के लिए पानी का बहाव प्रभावित हुआ। इससे आसपास के लोगों में जलस्तर बढ़ने को लेकर चिंता पैदा हो गई। हालांकि, रोहड़ू के एसडीएम धर्मेश रमोत्रा ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा कि खड्ड में पानी का बहाव अब दोबारा शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि खड्ड में झील बनने जैसी कोई स्थिति नहीं है। हालांकि, अचानक जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
नदी और खड्डों से दूर रहने की अपील
प्रशासन ने जांगलिख क्षेत्र के साथ-साथ पब्बर नदी और आसपास की खड्डों के किनारे अनावश्यक रूप से जाने से बचने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार, बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में पानी का बहाव अचानक तेज हो सकता है। ऐसे में स्थानीय लोगों और यात्रियों को नदी-नालों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने और किसी भी खतरे की स्थिति में सावधानी बरतने की जरूरत है।




