Tuesday, 24 November 2026हिमाचल की हर खबर, आपके लिए
हिमाचलऑनलाइन न्यूज.हिमाचल की हर खबर, आपके लिए
विज्ञापनbanner1280

आनी महाविद्यालय ने प्रदेश में गाड़ा सफलता का झंडा, दो पुरस्कार जीतकर बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

ANI 1

आनी (हरिपुर) : राजकीय महाविद्यालय आनी ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालय ग्रुप-2 संगीत प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए फोक सोलो सॉन्ग और फोक ऑर्केस्ट्रा, दोनों विधाओं में द्वितीय स्थान हासिल किया है। यह प्रतियोगिता 13 से 17 अक्टूबर तक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में आयोजित की गई। महाविद्यालय की इस उपलब्धि से संगीत विभाग सहित पूरे आनी क्षेत्र में खुशी की लहर है। राजकीय महाविद्यालय आनी ने अपनी उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की परंपरा को कायम रखते हुए एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। दोनों विधाओं में पुरस्कार प्राप्त करना महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, संगीत के प्रति समर्पण और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है।

फोक सोलो सॉन्ग में प्रिया ने हासिल किया दूसरा स्थान
प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्रा प्रिया ने फोक सोलो सॉन्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, फोक ऑर्केस्ट्रा में गौरव शर्मा, पंकज, तनिष शर्मा, कृष, हरीश, अमनदीप, गोपाल, तनु, श्रेया वर्मा, रूबल, दिशांत और रोशन लाल ने शानदार प्रस्तुति देते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। महाविद्यालय के संगीत विभाग में कार्यरत प्रोफेसर अशोक भारद्वाज और प्रोफेसर संजय दत्त के मार्गदर्शन में विद्यार्थी निरंतर संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके प्रयासों से महाविद्यालय के विद्यार्थी न केवल प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना रहे हैं, बल्कि संगीत विषय में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त करने के लिए विभिन्न विश्वविद्यालयों में भी प्रवेश हासिल कर रहे हैं।

लोक संस्कृति के संरक्षण में महाविद्यालय का अहम योगदान: प्राचार्य
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राजकीय महाविद्यालय आनी का लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने इससे पहले भी फोक ऑर्केस्ट्रा और फोक सॉन्ग जैसी विधाओं में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और संगीत विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों और संगीत विभाग के शिक्षकों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

महाविद्यालय के विद्यार्थियों का विभिन्न विश्वविद्यालयों में संगीत विषय के अंतर्गत स्नातकोत्तर शिक्षा के लिए प्रवेश प्राप्त करना भी संगीत विभाग की निरंतर प्रगति को दर्शाता है। सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ प्रदेश की लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। महाविद्यालय की यह सफलता न केवल संगीत विभाग, बल्कि पूरे आनी क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

विज्ञापनहिमाचल ऑनलाइन न्यूज़ के साथआपका ब्रांड, हर नज़र तक।विज्ञापन के लिए हमसे जुड़ेंसंपर्क करें ↗

यह भी पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *