आनी : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लूहरी में शुक्रवार को 33वीं जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आनी के अध्यक्ष गोविंद शर्मा सहित परसराम व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि बुद्धि सिंह ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेलकूद से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित होती है। उन्होंने युवा पीढ़ी में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने जीवन में शिक्षा और खेलों को प्राथमिकता दें तथा अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं। उन्होंने बच्चों को मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। 33वीं जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इस तरह के आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने का अवसर मिलता है।




