Tuesday, 24 November 2026हिमाचल की हर खबर, आपके लिए
हिमाचलऑनलाइन न्यूज.हिमाचल की हर खबर, आपके लिए
विज्ञापनbanner1280

राजकीय महाविद्यालय आनी में महिला सशक्तिकरण पर विशेष व्याख्यान आयोजित

kullu news

आनी । राजकीय महाविद्यालय आनी में 16 अक्टूबर 2026 को महाविद्यालय की साहित्य परिषद, हिंदी परिषद और महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में “महिला सशक्तिकरण : साहित्य और समाज” विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के हिंदी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. सुनीता ठाकुर ने बतौर रिसोर्स पर्सन विद्यार्थियों को संबोधित किया।

अपने व्याख्यान में डॉ. सुनीता ठाकुर ने महिला सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं, साहित्य में महिलाओं के चित्रण तथा समाज में महिलाओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि साहित्य सामाजिक परिस्थितियों, विचारों और बदलावों को अभिव्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है। हिंदी साहित्य में महिला पात्रों के माध्यम से महिलाओं की सामाजिक स्थिति, संघर्ष, आत्मनिर्भरता और अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल महिलाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसर प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें समान अधिकार, सम्मान, स्वतंत्रता और निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करना भी है। समाज में लैंगिक समानता स्थापित करने के लिए महिलाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना और उन्हें समान अवसर उपलब्ध करवाना आवश्यक है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर ने विद्यार्थियों को साहित्य के माध्यम से सामाजिक चेतना विकसित करने तथा महिला सशक्तिकरण की दिशा में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। व्याख्यान के अंत में विद्यार्थियों ने रिसोर्स पर्सन से विषय से संबंधित प्रश्न पूछे और चर्चा में सक्रिय भागीदारी की। इस अवसर पर प्रो. नरेंद्र पॉल, डॉ. संगीता नेगी, प्रो. वर्षा वर्मा, डॉ. निर्मल सिंह, डॉ. पुष्पा गुलेरिया, प्रो. पम्पी घामटा सहित महाविद्यालय के समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे।

विज्ञापनहिमाचल ऑनलाइन न्यूज़ के साथआपका ब्रांड, हर नज़र तक।विज्ञापन के लिए हमसे जुड़ेंसंपर्क करें ↗

यह भी पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *