Tuesday, 24 November 2026हिमाचल की हर खबर, आपके लिए
हिमाचलऑनलाइन न्यूज.हिमाचल की हर खबर, आपके लिए
विज्ञापनbanner1280

राजकीय आर्य महाविद्यालय नूरपुर में आपदा प्रबंधन पर संगोष्ठी एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन

arya college

नूरपुर। राजकीय आर्य महाविद्यालय नूरपुर की आपदा प्रबंधन समिति द्वारा महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन विषय पर संगोष्ठी, नारा लेखन एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करना था।

इस अवसर पर भूगोल विभाग के सहायक आचार्य डॉ. सत्य प्रकाश ने विद्यार्थियों को आपदाओं के विभिन्न प्रकारों, उनके कारणों तथा भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार उत्पन्न होने वाले आपदा जोखिमों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए जनजागरूकता, पूर्व तैयारी, समय पर चेतावनी और प्रभावी प्रबंधन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आपदा जोखिम न्यूनीकरण के विभिन्न उपायों से भी अवगत करवाया। संगोष्ठी के पश्चात नारा लेखन एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें 20 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिताओं में कैडेट अंजलि ने प्रथम, कैडेट कीर्ति ने द्वितीय तथा कैडेट वंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंजलि प्रथम वर्ष तथा कीर्ति द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं।

महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार ने विजेता प्रतिभागियों को पुस्तकों के रूप में पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक रहने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सूझबूझ और सतर्कता से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में आपदा प्रबंधन समिति के संयोजक कैप्टन सुरजीत कुमार ने अतिथियों, प्रतिभागियों तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आपदा प्रबंधन समिति के सदस्य प्रो. सुरजीत सिंह एवं प्रो. शिव कुमार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदाओं के जोखिम को कम करने, उनसे निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां करने तथा स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति जागरूक किया गया।

विज्ञापनहिमाचल ऑनलाइन न्यूज़ के साथआपका ब्रांड, हर नज़र तक।विज्ञापन के लिए हमसे जुड़ेंसंपर्क करें ↗

यह भी पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *