बिहार : पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट खराब मौसम के बीच करीब 17,000 फीट की ऊंचाई पर बिजली की चपेट में आ गई, जिसके कारण विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। लखनऊ की ओर उड़ान भरते समय बिजली गिरने से विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पायलट ने स्थिति को संभाला और विमान को सुरक्षित रूप से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा।
बिजली गिरने के बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी 104 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
इंडिगो की एक और फ्लाइट बिजली की चपेट में
इससे पहले भी इंडिगो फ्लाइट पर बिजली गिरने की खबर सामने आई थी। पिछला मामला तब हुआ था जब विमान तूफान के दौरान कोलकाता एयरपोर्ट पर खड़ा था। 19 जून की उस घटना से विमान का पावर सिस्टम प्रभावित हुआ था, जिसके कारण एयरलाइन को 141 यात्रियों और छह क्रू सदस्यों को विमान से उतारना पड़ा था। बाद में यात्रियों को दूसरे विमान से अगरतला भेजा गया। दो ग्राउंड स्टाफ सदस्यों को भी मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया और कुछ ही देर बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।




