Tuesday, 24 November 2026हिमाचल की हर खबर, आपके लिए
हिमाचलऑनलाइन न्यूज.हिमाचल की हर खबर, आपके लिए
विज्ञापनbanner1280

इंदौरा में चिट्टे के आर्थिक नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.01 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

indora 1

इंदौरा। नशे के खिलाफ अभियान के तहत जिला पुलिस नूरपुर ने चिट्टा तस्करी से जुड़े आर्थिक नेटवर्क और संपत्तियों पर बड़ी कार्रवाई की है। थाना इंदौरा में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पुलिस ने कुल 1 करोड़ 1 लाख 55 हजार 718 रुपये मूल्य की तीन संपत्तियों के खिलाफ फ्रीजिंग और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई के जरिए नशे की तस्करी से होने वाली कमाई और उससे बनाई गई संपत्तियों पर सीधा प्रहार किया गया है।

एडिशनल एसपी डीसी वर्मा ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि थाना इंदौरा में दर्ज एफआईआर नंबर 152/2017 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(1) और 68E के तहत यह कार्रवाई की गई है। फ्रीज की गई संपत्तियों में आरोपी दलवीरो और उसके परिवार से जुड़ी कोठी, उसके बेटे मिथुन उर्फ छप्पर की कोठी व घरेलू सामान तथा बेटी घरो देवी के नाम पंजीकृत कार शामिल है। पुलिस के अनुसार दलवीरो निवासी गांव छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच मामले दर्ज हैं। वहीं, उसके बेटे मिथुन उर्फ छप्पर से जुड़े 14 एनडीपीएस मामले भी आपराधिक रिकॉर्ड में दर्ज हैं।

इन संपत्तियों पर हुई कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक दलवीरो और उसके परिवार से संबंधित कोठी की अनुमानित कीमत 61,96,561 रुपये है। उसके बेटे मिथुन उर्फ छप्पर से संबंधित कोठी, फर्नीचर और घरेलू सामान की कीमत 32,60,950 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा उसकी बेटी घरो देवी के नाम पंजीकृत कार की कीमत 6,98,207 रुपये बताई गई है। इन तीनों संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत 1,01,55,718 रुपये है।

10 साल की सजा काट रहा आरोपी

इस मामले में दलवीरो को अदालत ने 1 अप्रैल 2025 को दोषी ठहराया था। अदालत ने उसे 10 साल के कठोर कारावास और 1 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। इसके बाद मामले की वित्तीय जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न रिकॉर्ड की जांच की। पुलिस ने राजस्व अभिलेख, आयकर से जुड़ी जानकारी, वाहनों के पंजीकरण संबंधी दस्तावेज और संपत्तियों के मूल्यांकन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। पुलिस के अनुसार इस जांच का उद्देश्य नशे से अर्जित धन और उससे बनाई गई संपत्तियों के स्रोत का पता लगाना था।

नशे के साथ पैसे के नेटवर्क पर भी नजर

एडिशनल एसपी डीसी वर्मा ने कहा कि जिला नूरपुर पुलिस एनडीपीएस मामलों में केवल नशे की खेप तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके पीछे के आर्थिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है। इसमें बैंक लेन-देन, संपत्ति खरीदने के लिए इस्तेमाल किए गए धन का स्रोत, परिवार या सहयोगियों के नाम पर बनाई गई संपत्तियां और नशा तस्करी से जुड़े अन्य संपर्कों की जांच शामिल है।

उन्होंने कहा कि चिट्टे से पैसा कमाकर कोठियां, वाहन या दूसरी संपत्तियां बनाना सुरक्षित निवेश नहीं है। पुलिस नशे की तस्करी के साथ-साथ उसके पीछे मौजूद आर्थिक ताकत और धन के प्रवाह तक पहुंचने के लिए कार्रवाई जारी रखेगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान फ्रीजिंग कार्रवाई संबंधित सक्षम प्राधिकारी की पुष्टि के अधीन है। संबंधित व्यक्तियों को कानून के अनुसार अपना पक्ष रखने का अधिकार है। एडिशनल एसपी ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान में जिला नूरपुर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है और पुलिस चिट्टा तस्करी के नेटवर्क के साथ-साथ उससे जुड़ी आर्थिक ताकत पर भी कार्रवाई कर रही है।

विज्ञापनहिमाचल ऑनलाइन न्यूज़ के साथआपका ब्रांड, हर नज़र तक।विज्ञापन के लिए हमसे जुड़ेंसंपर्क करें ↗

यह भी पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *