नूरपुर । नूरपुर मातृ-शिशु अस्पताल के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने पर पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय महाजन ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने धर्मशाला में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान नूरपुर अस्पताल में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों को जल्द स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह भी किया।
मुलाकात के दौरान अजय महाजन ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि मातृ-शिशु अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त संख्या में नियुक्तियां आवश्यक हैं। रिक्त पदों को जल्द स्वीकृति मिलने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और अन्य मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर नूरपुर अस्पताल में हाल ही में डॉक्टरों की नियुक्तियां किए जाने पर भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया गया। साथ ही आग्रह किया गया कि अस्पताल की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शेष रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि स्थानीय लोगों को उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख न करना पड़े। अजय महाजन ने मातृ-शिशु अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं और स्टाफ की उपलब्धता को क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आवश्यक पदों को भरने से अस्पताल की कार्यक्षमता बढ़ेगी और लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।




