नूरपुर। पुलिस जिला नूरपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए नूरपुर की टीम ने रात्रि गश्त के दौरान एक पिकअप गाड़ी से 1 किलो 12 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में मंडी जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचंद वर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सीआईए नूरपुर की टीम को एनएच-154 पर बौड़ बस स्टॉप के पास नूरपुर से पठानकोट की ओर जाने वाले मार्ग पर सड़क के बाईं ओर एक पिकअप गाड़ी नंबर HP-76-2409 खड़ी मिली। गाड़ी की तलाशी लेने पर चालक सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 1 किलो 12 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशोरी लाल (35), पुत्र भागीरथ, और उत्तम चंद (45), पुत्र हल्कु राम, दोनों निवासी गांव बड़ी बजगान, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश के रूप में की है। इस संबंध में पुलिस थाना नूरपुर में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 263/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है। दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड हासिल करने के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।




