नूरपुर। नूरपुर में लंबे समय से बंद पड़े मातृ-शिशु अस्पताल को जल्द शुरू करवाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे अकिल बख्शी ने पांचवें दिन हुई खास बातचीत में कहा कि मंगलवार को सिविल अस्पताल नूरपुर की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुपमा शर्मा और एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा उनसे मिलने पहुंचे। इसके बाद कांगड़ा-चंबा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और नूरपुर विधायक रणवीर सिंह निक्का भी धरना स्थल पर पहुंचे।
अकिल बख्शी ने बताया कि उन्होंने सांसद, विधायक, एसडीएम और चिकित्सा अधीक्षक के समक्ष अपनी मांगें स्पष्ट रूप से रखीं तथा मातृ-शिशु अस्पताल को जल्द शुरू करवाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल में अभी कई कार्य लंबित हैं। इस पर उन्होंने इन सभी लंबित कार्यों की सूची लिखित रूप में उपलब्ध करवाने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि अस्पताल को शुरू करने के लिए वास्तव में कौन-कौन से कार्य शेष हैं।
उन्होंने बताया कि जब तक भवन को संबंधित विभाग को हैंडओवर नहीं किया जाता, तब तक लंबित कार्यों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकती। हालांकि, जनहित को देखते हुए संबंधित कंपनी को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। अकिल बख्शी ने कहा कि इस दौरान एसडीएम और विधायक रणवीर सिंह निक्का ने यह भी आश्वासन दिया कि रणजीत बख्शी जनकल्याण सभा के नाम को नियमानुसार रोगी कल्याण समिति के समक्ष भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अब प्रशासन की ओर से मिले आश्वासन पर भरोसा करते हुए 24 घंटे तक इंतजार किया जाएगा। यदि इस अवधि में मांगों को लेकर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती है तो उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी। अकिल बख्शी ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का विरोध करना नहीं है। उनका मुख्य उद्देश्य नूरपुर की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना और मातृ-शिशु अस्पताल को जल्द शुरू करवाना है।
उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक, एसडीएम और चिकित्सा अधीक्षक धरना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने उनकी बात सुनी है। उन्हें उम्मीद है कि सरकार और प्रशासन नूरपुर की जनता की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल को जल्द शुरू करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।




