शिमला। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम लिमिटेड की ओर से दायर तीन अपीलों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि निगम के वित्तीय संकट या फंड की कमी का हवाला देकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को संशोधित पेंशन के लाभ से वंचित नहीं किया जा सकता। मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया और न्यायाधीश बिपिन चंद्र नेगी की खंडपीठ ने कहा कि 1999 की कॉरपोरेट पेंशन योजना के प्रभावी रहने के दौरान सेवानिवृत्त हुए कर्मचारी राज्य सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर संशोधित पेंशन पाने के हकदार हैं।
29 अक्तूबर 1999 से 2 दिसंबर 2004 के बीच हुए थे सेवानिवृत्त
मामला उन कर्मचारियों से जुड़ा है, जो 29 अक्तूबर 1999 से 2 दिसंबर 2004 के बीच कॉरपोरेट पेंशन योजना के प्रभावी रहने के दौरान सेवानिवृत्त हुए थे। सरकार ने दिसंबर 2004 में इस पेंशन योजना को समाप्त कर दिया था। एकल पीठ ने 23 मई 2025 को कर्मचारियों के पक्ष में फैसला सुनाते हुए उन्हें 1 जनवरी 2016 से संशोधित पेंशन का लाभ देने का आदेश दिया था। इस आदेश को वर्ष 2022 में लागू किया जाना था। वन विकास निगम ने एकल पीठ के फैसले को खंडपीठ के समक्ष चुनौती देते हुए दलील दी थी कि संशोधित पेंशन लागू करने के लिए निगम के पास पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध नहीं हैं।
वित्तीय कठिनाई अधिकार खत्म करने का आधार नहीं
खंडपीठ ने निगम की इस दलील को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने 1999 की कॉरपोरेट पेंशन योजना के प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा कि योजना के तहत निगम के कर्मचारियों के पेंशन लाभ भी केंद्रीय सिविल सेवा (पेंशन) नियम, 1972 के प्रावधानों के अनुरूप तय किए जाते हैं, जिन्हें राज्य सरकार अपने कर्मचारियों के लिए अपनाती है। अदालत ने कहा कि जब राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए पेंशन में संशोधन किया गया है, तो संबंधित निगम कर्मचारियों को भी उसके अनुरूप संशोधित पेंशन का लाभ दिया जाना चाहिए। निगम की वित्तीय स्थिति या फंड की कमी कर्मचारियों को उनके वैधानिक पेंशन लाभ से वंचित करने का आधार नहीं हो सकती।




